इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी ने बिना सत्यापन के 40 लोगों का राशन कार्ड निरस्त कर दिया।
डीएम को पत्रक सौंपकर जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और निरस्त कार्ड को बहाल करने की मांग की।
वार्ड एक के सभासद शशिभूषण राव के नेतृत्व में दर्जनभर से अधिक कार्डधारक मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंच गए। इस दौरान जिलापूर्ति अधिकारी और जांच अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की।
आरोप लगाया कि वार्ड एक में कोटेदार शेषमणि पांडेय के यहां उन्हें अनाज मिलता था। पिछले दिनों उनकी दूकान निलंबित कर दी गई। उनकी दूकान को जिस दूकान से अटैच किया गया है, दो दिन पूर्व वहां अनाज लेने के लिए पहुंचे तो पता चला कि उनका कार्ड ही निरस्त कर दिया गया है।
कार्डधारकों ने कहा कि वह गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन जांच अधिकारी ने बिना भौतिक सत्यापन के 40 लोगों का बीपीएल कार्ड निरस्त कर दिया।
इससे उनके परिवार के सामने भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। डीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में बसंत लाल रावत, मंजू देवी, पूनम, राकेश कुमार, वकील पासी, प्रमोद कुमार, शिव कुमार, शिवपाल, समिदुल्लाह, मनमोहन, दिनेश, सज्जाक, राजीव गोयल, रामजी चौरसिया, सुंदर लाल सहित कई कार्डधारक मौजूद रहे।