दुष्कर्म के आरोपी विधायक की कोर्ट में हुई पेशी
- फोटो : अमर उजाला
ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र, उनके पुत्र विष्णु मिश्र और अन्य पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली गायिका ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि धमकी देने के मामले में 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उसने आत्मदाह की चेतावनी दी है।
वाराणसी की एक गायिका ने 18 अगस्त 2020 को गोपीगंज कोतवाली में विधायक विजय मिश्र और उनके पुत्र विष्णु मिश्र और विकास मिश्र के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। रिश्तेदार का फर्म और भवन हड़पने के मामले में विधायक आगरा जेल में निरुद्ध हैं, जबकि विष्णु फरार है। तीसरा आरोपी विकास जमानत पर बाहर है।
पीड़िता को नहीं मिल रहा कोई काम
शुक्रवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि उसे और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। मुंबई में कोई काम नहीं मिल रहा है और मोहल्ले में हेय दृष्टि से देखा जाता है।