अयोध्या में विराजे रामलला, सीतामढ़ी में वैदेही का किया शृंगार
सीतामढ़ी। अयोध्या में रामलला की दिव्य मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा हुई तो सीतामढ़ी में मां वैदेही भव्य शृंगार किया गया। अयोध्या के साथ ही यहं भी एक ही मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन शुरू हुआ।
सीतामढ़ी मंदिर में घंटा, घड़ियाल, शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार, श्री सीताराम जप, भजन, सुंदरकांड पाठ आदि धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज रही। जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में गोते लगाते रहे। सोमवार को समूची धार्मिक स्थली में भक्ति, आस्था और विश्वास की अनूठी मिशाल दिखी। श्री सीताराम नाम के संकीर्तन से धार्मिक स्थली गुंजायमान होती रही। इसके पहले मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया। फूल मालाओं, विद्युत लाइटों, हैलोजन सजी माता सीता की स्थली अलग ही छटा बिखेर रही थी। 108 फुट ऊंचे श्रीराम भक्त भगवान हनुमान में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान मंदिर में मंदिर प्रबंधक कैलाश चंद्र व राहुल दुबे भक्तों को प्रसाद बांटा।
अयोध्या में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही हर तरफ जश्न के माहौल छा गया। कहीं भजन-कीर्तन चल रहा है तो कहीं मनोहारी वेश में सजे श्रीराम, माता जानकी की शोभायात्रा निकाली गई। लोग अपने छतों से पुष्प वर्षा कर प्रभु श्रीराम के आगमन का जश्न मनाया। देर शाम अमृत सरोवर, मंदिर और गंगा घाट दीयों की रोशनी से जगमग हो गए। प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का जश्न पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राम गीतों की धुन से पूरा जिले का भक्तिमय माहौल बना रहा। सुबह होते ही मंदिरों में लोगों की कतार उमड़ रही।
राम-जानकी मंदिर भदोही के अलावा सीतामढ़ी में भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ। वहीं भजन, कीर्तन और सुंदरकांड पाठ से राम की भक्ति में डूब गए। जगह-जगह निकाली गई शोभायात्रा लोगों को मोहित कर रही थी। माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण के साथ निकली प्रभु श्रीराम की झांकी देख लोग हर्षित हो रहे थे। हर तरफ जय श्रीराम और भारत माता की जय के जयकारे लग रहे थे। कुछ मिलाकर भक्तिमय माहौल के बीच लोग प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाते दिखे। युवा आतिशबाजी कर रामोत्सव के उल्लास में शामिल हो रहे थे। भगवा झंडे से पूरा नगर डूब गया। हर तरह केवल जय श्रीराम के जयकारे लग रहे थे।
गोपीगंज के बड़े शिव, मोढ़ के डगहर गांव हनुमान मंदिर, अभोली ब्लॉक के चौरा माता मंदिर, ज्ञानपुर में सिद्धपीठ हरिहरनाथ, जोरई पंचवटी, दूधनाथ मंदिर, अमवा में शीतला माता, औराई के अमीर पट्टी में रामलीला समिति, पुरुषोत्तमपुर, कैयरमऊ शिव मंदिर, कैयरमऊ, महाराजगंज, बाबू सरांय उगापुर, कठारी, घोसिया, माधोसिंह, चौरी के रोटहा रोटहा के हनुमान मंदिर, ऊंज के भीखीपुर रामजानकी मंदिर, मोढ़ के चकभवानी दास राधा कृष्ण मंदिर, सुरियावां के जोधराज सिंह तालाब, मोढ़ नेवादाकला में प्रधान दिनेश पाठक के अगुवाई में व मकनपुर में रामचन्द्र यादव के अगुवाई में अखंड श्रीरामचरित पाठ हुआ।
भदोही में मंदिर आकर्षक ढंग से सजाए गए थे। कई मंदिरों में नई मूर्तियां की प्राण प्रतिष्ठा की गई। रजपूरा से लेकर मर्यादपट्टी सजावट की गई। जमुनीपुर कालोनी, रजपूरा कालोनी समेत अन्य मार्गों पर भी भी शोभायात्राओं और आतिश्बाजी की गई। नगर के मर्यादपट्टी स्थित श्री हरि मंदिर, आनंद नगर गजिया के श्री राम जानकी मंदिर, छितनी तालाब स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, औराई रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर, मेनरोड महादेव मंदिर दिन भर महिला, पुरुष और बच्चों से पटे रहे। स्टेशन रोड, चौरी रोड, ज्ञानपुर रोड, रजपूरा आदि में सड़कों पर खासा चहल पहल रही।