राज के बड़े भाई ऋषिवंत सिंह ने कहा कि राजनैतिक दबाव में भाई को परेशान किया जा रहा। बैंक खातों की जांच के बारे में कहा कि हम लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। आनंद नगर स्थित आवास पर प्रथम तल का निर्माण कार्य व घर में फर्श निर्माण के लिए पैसा निकाला गया था। सभी गाड़ी किस्त पर मां के नाम से हैं। उनकी सेलरी से किस्त कटती है। छोटे भाई को ब्लाक प्रमुख बनने का शौक था, उसे हर माह खर्च के लिए कुछ पैसा हम लोग देते थे। भाई को लेकर लोग अफवाह उठा रहे हैं। जिस पार्टी के लिए मेहनत व काम करता था, वही लोग कह रहे कि हमारी पार्टी में नहीं था। 22 मई को सुनवाई है, जिसको जो जांच करनी है, करे। कुछ गलत नहीं मिलेगा। कहा कि गिरफ्तार करने वाली पुलिस अभी तक यह नहीं बता पाई कि पीए हत्याकांड में मेरे भाई का रोल क्या है।
शहर के आनंद नगर स्थित राज के घर पर करीब एक माह पूर्व सीसी टीवी कैमरा लगा है। उसी कैमरे की वीडियो जारी कर परिजनों ने कहा कि पीए हत्याकांड के दिन राज घर पर था। काॅलोनीवासियों की मानें तो पूरे मकान में वही एक कैमरा लगा है जबकि बगल में राज की कार व बाइक खड़ी रहती है। घर में कुछ दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था, उसी को लेकर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया होगा।