तीन दिन से लगातार हो रहे बारिश का पानी बृहस्पतिवार को दुकानों में घुसने से नाराज दुकानदारों ने एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दिया कि एनएचएआई ने पानी निकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान नहीं कराया तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के उत्तरी-दक्षिणी लेन पर सिक्स लेन का निर्माण कराने के लिए सरकारी, निजी जमीनों का अधिग्रहण तो कर लिया गया लेकिन समस्याएं दूर नहीं हो सकी। अंडरपास तिराहा वहिदानगर के दक्षिणी छोर को इतना नीचे कर दिया है कि ऊंचाई पर बने नाला का कोई लाभ नहीं मिलता। लगभग 20 वर्षों से हलवाई, गैरेज, चाय-नाश्ता, समोसा-पकौड़ी, सायकिल, चाय-पान, मेडिकल स्टोर, जांच केंद्र जैसे प्रतिष्ठान हल्की बारिश होने पर भी जलमग्न हो जाते हैं। इसका कारण सर्विस सलेन और नाला बनाते समय कार्यदाई संस्था की मनमानी है। तीन दिन से होने वाले बारिश का पानी न निकलने के कारण दुकानदारों का जीवन-यापन नारकीय हो चला है। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रशेखर, धीरज, मनोज, हुबलाल, मनोज, शमशेर, नवाब अली, राजकुमार आदि रहे। परियोजना निदेशक एनएचएआई एके राय ने बताया कि वहिदानगर का दक्षिणी छोर पहले से निचले सतह पर है। जब तक प्रतिष्ठानों को दुकानदार सर्विसलेन की ऊंचाई तक नहीं बनवाएंगे तब तक समस्या बनी रहेगी। नाला में पानी निकालने का पूरा प्रयास किया जाएगा।