ज्ञानपुर/औराई। तीन दिनों से चल रहे बारिश का क्रम शुक्रवार को भी जारी रहा। राजमार्ग से लगायत पूर्वी क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से सड़कों पर आवागमन अस्त-व्यस्त हो गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक को जोड़ने वाली छोटी-बड़ी सड़कें जलमग्न होकर ग्रामसभाओं की ओर से जलनिकास व्यवस्थाओं की पोल खोल रही थीं। सबसे अधिक परेशानी का सामना लोगों को औराई चौराहा, गोपीगंज चौराहा, जंगीगंज बाजार, धनतुलसी मोड़, वहिदानगर, उगापुर, घोसिया, माधोसिंह-खमरिया तिराहा, औरंगाबाद तिराहा, मिर्जापुर-सहसेपुर मार्ग, भदोही-औराई मार्ग आदि स्थान बारिश के पानी से लहरते रहे।
बताते हैं कि बारिश के चलते राजमार्ग पर चल रहे सिक्सलेन निर्माण के तहत दोनों छोर पर बनाए गए नाले भी ओवरफ्लो होते रहे। जगह-जगह कार्यदायी संस्था की ओर से नालों को अवरुद्घ कर देने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई का परिसर बारिश के पानी में डूबा रहा। पानी लगने से मरीजों को हलकान होकर रह जाना पड़ा। दर्जन भर से अधिक मरीज तो बरसात के कारण राजमार्ग पर ही रह गए। सर्विस लेन पर तीन फीट का पानी कौतूहल साबित होता रहा।
धान की फसल को मिल रहा जीवनदान
औराई। देर से ही सही, लेकिन बारिश ने सूख रही धान की फसलों को जीवनदान देने का काम किया है। वैसे भी दलहनी, तिलहनी एवं पशु चारे के रूप प्रयुक्त होने वाली फसलें बारिश की भेंट चढ़ती जा रही हैं। कृषि विशेषज्ञ भी धान की फसल को उचित आहार का दावा किया है।