ज्ञानपुर। उत्तर पश्चिम क्षेत्र में विकसित पश्चिमी विक्षोभ और उप हिमालयन क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण के मिले-जुले प्रभाव के कारण जिले में रविवार की सुबह मौसम बदल गया। सुबह 26 किमी के रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं आठ बजे के करीब बूंदाबांदी हुई। इसके कारण अधिकतम पारा में 2.6 डिग्री की कमी आई। भीषण गर्मी से लोगों को थोडी राहत मिली।
बीते सप्ताह गर्मी ने लोगों का जिना मुश्किल कर रखा था। लेकिन जिले में रविवार भोर से ही मौसम बदला, आंधी चल रही थी। ठंडा मौसम होने पर लोगों को राहत मिली। आठ बजे के करीब बूंदाबांदी हुई। नौ बजे तक आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही। इसके बाद मौसम साफ हुआ। धूप खिली, हवा में हल्की नमी होने के कारण तापमान 2.6 डिग्री की गिरावट आई। अन्य दिनों की अपेक्षा धूप असरदार नहीं रही। शाम होते ही ठंड भरी हवाएं चलने लगीं।कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि रविवार दिन का तापमान 39.2 डिग्री सेल्यिसस दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। कहा 26 किमी के रफ्तार से पश्चिमी हवा चली। हवा में नमी होने के कारण धूप अन्य दिनों की अपेक्षा असरदार साबित नहीं हुई।
मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि उत्तर पश्चिम क्षेत्र में विकसित पश्चिमी विक्षोभ और बिहार, पश्चिम बंगाल के उप हिमालयन क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण के मिले-जुले प्रभाव के कारण रविवार को मौसम बदला है। उन्होंने सोमवार को भी तेज हवा संग बूंदाबांदी होने का अनुमान व्यक्त किया। बताया कि एक-दो दिन के बाद मौसम में फिर से बदलाव होगा और तेज धूप का असर देखने को मिलेगा।