भदोही। लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी रिमझिम बारिश ने सामान्य जनजीवन बेपटरी कर दिया। रुक-रुक कर पूरी रात हुई बारिश का क्रम सुबह भी जारी रहा। इसके बाद दिन में जब-तब रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। इसके चलते नगर की सूरत बिगड़ गई। सभी मोहल्ले जहां जलभराव से जूझते रहे, वहीं सड़कें चलने लायक नहीं रह गईं। निचले इलाकों में बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस गया। लोग घरों से बारिश का पानी निकालने के जतन करते रहे।
बुधवार को मूसलाधार बारिश के बाद से अब तक लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़कों से पानी हटते ही पुन: पानी लग जा रहा था। स्टेशन रोड, आनंद नगर, काजीपुर रोड, आलमपुर, गोलामंडी, काशीपुर, रामसहायपुर, छेड़ीबीर, कुशियरां, बंधवा, जलालपुर, चकमीरा शाह आदि मोहल्लों की स्थिति नारकीय हो गई। सड़कें आने जाने लायक नहीं रह गईं। स्टेशन रोड पर प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठान होने से आवाजाही कम दिखी। लगातार बारिश से नगर के निचले इलाकों के लोगों को जलभराव और कीचड़ के कारण भारी कष्ट झेलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जलनिकासी के प्रबंध नहीं होने से बरसात का पानी घरों में घुसने को आतुर रहा। कई मोहल्लों में लोग घरों और दुकान से पानी निकालने के लिए जूझते रहे महिलाएं और बच्चे भी पानी निकालने में लगे रहे। राजकीय एमबीएस अस्पताल जहां लोग बीमारी का इलाज के लिए आते हैं वह खुद तीन दिन से बारिश के पानी में डूबा हुआ है। अगर कुछ और दिन पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो अस्पताल में ही संक्रामक रोग पांव पसार सकता है। इससे मरीज, डॉक्टर और अस्पताल कर्मी भी परेशान हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से मौके का निरीक्षण कर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है।