परसीपुर रेलवे स्टेशन पर टूटी रेलिंग। संवाद
- फोटो : udhampur news
परसीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगी रेलिंग हर साल बारिश में गिर रही है। टूटने के बाद रेलिंग की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे यात्रियों की सुरक्षा के साथ प्लेटफॉर्म पर जानवरों के आने का खतरा भी बढ़ गया है। पिछले तीन साल से प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जगह-जगह रेलिंग गिर रही है। पिछले साल बारिश के दौरान एक रेलिंग सड़क पर गिर गई थी। इसकी चपेट में आने से एक साइकिल सवार बालक घायल हो गया था। स्टेशन कार्यालय के पास से शुरू हुआ रेलिंग गिरने का सिलसिला अब प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर रोटहां तक पहुंच गया है। वर्तमान में तीन स्थानों पर काफी दूरी तक रेलिंग गिरी हुई है।
स्थानीय निवासी मनोज मिश्रा, सलीम सिकंदर और बंटी दुबे ने बताया कि रात में स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों के लिए यह खतरा बना रहता है। रेलिंग टूटने से प्लेटफॉर्म पर जानवरों के आने की आशंका भी बढ़ गई है। अंधेरे में यात्रियों के साथ हादसा होने का डर बना रहता है। स्टेशन अधीक्षक वीएस श्रीवास्तव ने बताया कि समस्या से विभाग को अवगत करा दिया गया है।