ज्ञानपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल जिले में कालीन उद्यमी, बुनकरों के अलावा शिक्षक और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर सकते हैं। जिला कमेटी ने उनसे मिलने के इच्छुक लोगों का शीर्ष नेतृत्व को भेज दिया गया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 17 को जिले में आ रहे हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी के आने के भी कयास लगाए जा रहे हैं लेकिन उनका कार्यक्रम तय नहीं है। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता न्याय यात्रा को सफल बनाने में जुटे हैं। न्याय यात्रा 17 फरवरी को दिन में तीन बजे जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। कंधिया फाटक पर जिले में प्रवेश करने के बाद राहुल गांधी सीधे इंदिरा मिल तिराहा पहुंचेंगे और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
इंदिरा मिल ओवरब्रिज से होते हुए रजपुरा चौराहा पहुंचेंगे और सभा करेंगे। वहां से ज्ञानपुर जाएंगे। पहले वीाएनजीआईसी में उनके रुकने का कार्यक्रम था लेकिन पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते अनुमति नहीं मिलने की बात सामन आ रही है। ऐसे में कहा जा रहा है कि मूंसीलाटपुर स्टेडियम में राहुल गांधी के रुकने की संभावना जतायी जा रही है। कांग्रेस के नेता दोनों जगहों के हिसाब से तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जहां की अनुमति मिलेगी, वहां सारी व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी। राहुल गांधी 17 फरवरी को जिले में ही रात्रि विश्राम करेंगे। कालीन निर्यातक, बुनकरों के संगठन, विश्वविद्यालय बचाओ संघर्ष समिति और शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करेगा। सुबह 18 फरवरी को गोपीगंज से प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेेंगे।
जिलाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र दुबे ने बताया कि वे जिले में कालीन निर्यातक व बुनकरों के संयुक्त संगठनों के साथ छात्रों और शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात करेंगे। वे उन लोगों से कब मिलेंगे, यह उनके आने के बाद ही तय हो सकेगा। जिला प्रशासन से वीएनजीआईसी मैदान में रुकने की अनुमति नहीं मिलने पर मूंसीलाटपुर जिला स्टेडियम में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी।