अघोषित कटौती पर भड़के नागरिक, प्रदर्शन
नगर में अघोषित बिजली कटौती को लेकर नागरिकों का गुस्सा रविवार को सतह पर आ गया। नाराज लोगों ने पुरानी बाजार में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। आरोप लगाया कि बिजली विभाग की मनमानी से नगर में ठीक ढंग से बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। दोपहर में चार से पांच घंटे लगातार कटौती की जा रही है, इससे लोगों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है।
व्यापारी नेता श्याम प्रकाश नीतू के नेतृत्व में रविवार को दोपहर पुरानी बाजार में दर्जन भर से अधिक लोग एकत्रित हुए। बिजली विभाग मुर्दाबाद, अधिशासी अभियंता शर्म करो जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। नागरिकों ने कहा कि मुख्यमंत्री मुख्यालय केे 16 घंटे बिजली देने को कहे हैं लेकिन ज्ञानपुर नगर में 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। रात में 12 बजे के बाद से भोर में चार बजे तक बिजली कट जाती है जबकि दोपहर में दोपहर 12 बजे के बाद तीन से चार घंटे अघोषित कटौती की जा रही है। इससे रात और दोपहर में लोग घरों में सो नहीं पा रहे हैं। अघोषित बिजली कटौती से लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई है। रात में कटौती से नींद पूरी न होने पर सुबह लोग ड्यूटी आदि जाने में परेशान होते हैं। अघोषित कटौती को लेकर पूर्व में विभागीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर सुधार करने के लिए कहा गया था लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हो सका। चेतावनी दी कि अविलंब अघोषित कटौती बंद नहीं हुआ तो अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में संगम सेठ, मनीष सेठ, राघव श्रीवास्तव, राजेश कुमार, पचन्नू सहित कई लोग मौजूद रहे।