ज्ञानपुर (भदोही)। कोरोना वायरस के कारण 15 दिन बाद बुधवार को क्रय केंद्रो पर गेहूं की खरीद शुरू हो गई। पहले दिन 10 केंद्रों पर 125 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई जबकि 14 केंद्रों पर बोहनी नहीं हो सकी। विभागीय अधिकारी केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में जुटे रहे। किसानों को जरूरी सुविधा देने का निर्देश दिया गया।
कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर देश में तीन मई तक लॉकडाउन है। पहले चरण में 24 मार्च से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन रहा। जिसको देखते हुए एक अप्रैल से शुरू होने वाली खरीद स्थगित कर दी गई थी, हालांकि खेतीबारी से जुड़े कार्यों में छूट मिलने से खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बुधवार को गोपीगंज के मंडी स्थित क्रय केंद्र पर कारीगांव निवासी तुलसीराम पहले किसान गेहूं बेचने के लिए पहुंचे। उक्त केंद्र पर दिन भर में 50 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। नथईपुर केंद्र पर महिला किसान शिव कुमारी ने गेहूं बेचा। यहां पर करीब 20 क्विंटल की खरीदी की गई। पहले दिन अधिकतर क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। जंगीगंज स्थित क्रय केंद्र पर एक भी किसान नहीं पहुंचे। इसी तरह कुल 14 केंद्रों पर बोहनी भी नहीं हो सकी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्र ने कहा कि पहले दिन 125 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। कुछ केंद्रों पर अभी खरीद नहीं शुरू हो सकी। दो से चार दिनों में सभी केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। बताते चलें कि जिले में 32 हजार एमटी गेहूं की खरीद का लक्ष्य तय है।