टीका प्रचार वाहन को रवाना करते अतिथि। स्रोत स्वास्थ्य विभाग
औराई। ब्लॉक परिसर से बुधवार को नियमित टीकाकरण के प्रति विशेष जागरूकता अभियान की शुरूआत हुई। लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव में टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। प्रचार वाहन चार से 23 नवंबर तक गांवों में भ्रमण करके लोगों को जागरूक करेगा।
एसडीएम शिवेंद्र कुमार वर्मा ने टीका मित्र प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन टीकाकरण को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियां दूर करेगा। उन्होंने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक टीकाकरण का संदेश पहुंचाना है। प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को टीकाकरण का महत्व समझाया जाएगा। उनके मन में मौजूद आशंकाओं और गलतफहमियों को भी दूर किया जाएगा। औराई सीएचसी के अधीक्षक डॉ. कृष्णा दुबे ने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों को अनेक संक्रामक बीमारियों से बचाता है। केवल टीके उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक परिवार को टीकाकरण के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। इस दौरान बीडीओ दिलीप पासी, डॉ. जितेंद्र दुबे, मंजू वर्मा, बीईओ सुरेंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।