सीतामढ़ी। कोइरौना बाजार में सोमवार शाम को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को बेरवा पहाड़पुर के ग्राम प्रधान समेत10 नामजद और 190 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। ऊंज, कोइरौना और गोपीगंज थानाध्यक्ष की अलग-अलग तहरीर पर कोइरौना थाने में तीन मुकदमे दर्ज हुए।
सोमवार को बेरवा पहाड़पुर गांव निवासी राजू गौतम की मौत के बाद ग्रामीणों ने गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर कोइरौना बाजार में चक्काजाम कर दिया था। उस दौरान जाम समाप्त कराने गए पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया था। जिससे थानाध्यक्ष कोइरौना सुरेंद्रनाथ पांडेय, ऊंज के हरिवंश सिंह यादव, गोपीगंज के अरूण दूबे समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। मंगलवार को तीनों थानाध्यक्ष की अलग-अलग तहरीर पर कोइरौना थाने में बेरवा पहाड़पुर के ग्राम प्रधान मनोज कुमार पुत्र छांगुर समेत 10 नामजद और 190 अज्ञात के खिलाफ 147, 148,149, 333, 353, 307, 427, 336 आईपीसी और लोक संपति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।