मातृ नवमी पर रविवार को सोनैचा गांव में आयोजित कुश्ती दंगल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पारंपरिक अखाड़े में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और दमखम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
दंगल का मुख्य मुकाबला कोइरौना थाने में तैनात दरोगा एवं पहलवान प्रमोद यादव और गोरखपुर के पहलवान प्रिंस के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी और अपनी कुश्ती की तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में प्रमोद यादव ने प्रिंस को शिकस्त दी। जीत के बाद समर्थकों ने प्रमोद यादव को कंधे पर बैठाकर अखाड़े का चक्कर लगाया। प्रयागराज के अरविंद और जालौन के गोपाल पहलवान के बीच भी जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें अरविंद ने जीत हासिल की। वहीं गाजीपुर के लालू पहलवान और वाराणसी के सूरज पहलवान के बीच हुए मुकाबले में लालू ने सूरज को पटकनी देकर जीत दर्ज की। दंगल में करीब 25 कुश्तियां हुईं। इस मौके पर डॉ. आजाद दूबे, संजय पांडेय, राजेश पांडेय, आनंद पांडेय, ताड़कनाथ पांडेय, सरस पांडेय, महेंद्र पांडेय, कमलेश पांडेय आदि रहे।