भदोही। डाक विभाग की एडवांस्ड पोस्टल (एपीटी) टेक्नाेलाॅजी 2.0 सोमवार को एक साथ सभी डाकघरों में लांच हो गई। नई व्यवस्था को लागू करने के लिए भदोही डाकघर में रविवार को भी कार्य हुआ। अधिकारियों ने नए प्लेटफाॅर्म को लांच करने के लिए कंप्यूटरों पर काम किया। इस बीच सोमवार से इसका लाभ भी आमजन को मिलने लगा। पोस्टल ऑर्डर के लिए जहां लोगों को भटकना पड़ता था, वह समस्या समाप्त हो जाएगी।
एपीटी प्लेटफाॅर्म के और भी लाभ हैं। अब तक लोगों को डाकघर में ली जाने वाली सेवाओं के लिए नकद भुगतान करना होता था लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत लोग यूपीआई, क्यूआर कोड से भी भुगतान कर सकेंगे। नई व्यवस्था से कामकाज का सोमवार को पहला दिन था। मामूली दिक्कतों को छोड़ कार्य निर्बाध रूप से हुआ। डाकघर के सब डिवीजनल इंस्पेक्टर व्यास मुनि पाठक ने बताया कि पोस्टल ऑर्डर के अलावा यूपीआई से भुगतान व कई ऐसी सेवाए हैं जो डाकघर बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ी हैं। इससे उपभोक्ताओं की कई समस्याएं अपने आप समाप्त हो जाएंगी। पहले दिन सैकड़ों उपभोक्ताओं को नए एंडवांस्ड पोस्टल टेक्नाेलाॅजी 2.0 पर सेवाएं मिलीं और लोगों के कार्य त्वरित गति से हुए। आने वाले दिनों में डाक विभाग में चीजें और भी आसान होंगी। व्यवस्था लागू करने के लिए शनिवार और रविवार को दिनभर नई टेक्नाेलाॅजी में माइग्रेशन, सिस्टम सत्यापन और कॉन्फीगुरेशन प्रक्रिया पर काम किया गया।