ज्ञानपुर। विधायक विजय मिश्र ने अपने भतीजे ब्लाक प्रमुख और एक भाजपा नेता से अपनी जान का खतरा बताया है। डीएम-एसपी के अलावा गृहमंत्री को पत्र भेजकर प्रयागराज के अपराधियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक आरोपी के आवास से मादक पदार्थों के कारोबार किए जाने की भी बात कही है।
गृहमंत्री को लिखे पत्र में विधायक ने आरोप लगाया है कि उनके कुछ राजनीतिक विरोधी, जिनका संबंध पूर्वांचल के एक नामी गैंग से है, के साथ मिलकर मेरी हत्या कराना चाहते हैं। वे मंत्री नंद गोपाल नंदी पर रिमोट बम से हमला भी कर चुके हैं। गत दिनों प्रयागराज में गिरफ्तार शूटर नीरज सिंह ने पुलिस की पूछताछ में बताया था कि प्रयागराज के एक आरएसएस पदाधिकारी और मेरी हत्या के लिए सुपारी दी गई थी। पूर्वांचल के कई शूटर इनके घर आते-जाते रहते थे। कहा कि उक्त लोग मादक पदार्थों की तस्करी का कारोबार भी करते हैं। गत दिनों भारी मात्रा में मिले मादक पदार्थों का संबंध इन लोगों से है। लेकिन, स्थानीय पुलिस लीपापोती में लगी है। उधर ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा की पत्नी बिंदू देवी ने भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विधायक विजय मिश्र के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं भाजपा नेता का कहना है कि मेरी बढ़ती लोकप्रियता से विधायक घबराए हुए हैं। इस कारण अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। उनकी हत्या की साजिश से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। अलबत्ता वह खुद मेरे पीछे पड़े हैं। जिनका नाम लिया जा रहा है, उसके साथ वह स्वयं नंदी केस में आरोपी हैं।
विधायक की हत्या के संबंध में पुलिस को कोई इनपुट नहीं मिला है। सब कुछ ठीक है। जिले में अपराधियों या शूटरों की कोई लोकेशन नहीं है। पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
रामबदन सिंह, एसपी
विधायक के सारे आरोप बेबुनियाद हैं। इन कृत्यों से मेरा कोई सरोकार नहीं है। कभी भी जांच कराई जा सकती है, मैं तैयार हूं। साजिश के तहत बाहुबली विधायक मुझे फंसाना चाहते हैं। सच्चाई कुछ और है। मेरा मादक पदार्थों के कारोबार से भी कोई लेना-देना नहीं है।
मनीष मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख ज्ञानपुर