जिला अस्पताल ज्ञानपुर में बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ करते डीएम राजेंद्र ?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना वायरस के कारण एक साल से बंद चल रहा पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान रविवार से शुरू हुआ। पहले दिन 46.51 फीसदी नौनिहालों को पोलियो की खुराक दी गई। एक सप्ताह तक चलने वाले अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाएगी।
महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। डीएम ने पोलियो खुराक की महत्ता पर प्रकाश डाला। कहा कि अभिभावक अपने पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक जिम्मेदारी पूर्वक पिला दे तो जीवन पर्यंत उस बच्चे को पोलियो की समस्या नहीं होगी। सीएमओ समेत स्वास्थ्य अधिकारी क्षेत्र के बूथों का जायजा लिया। केशवपुर, ज्ञानपुर, ज्ञानपुर देहात, चकटोड़र, छत्रशाहपुर, भिदिउरा, पाली, कसियापुर आदि पोलियो बूथ पर भ्रमण कर निरीक्षण किया।
सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जिले में दो लाख 77 हजार 303 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य है। रविवार को एक लाख 28 हजार 986 बच्चों को दवा पिलाई गई। जो 46.51 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि एक से तीन फरवरी तक डोर टू डोर दवा पिलाने के लिए एएनएम और आशा वर्कर जाएंगी। सीएचसी अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां डॉ. आरबी पाठक ने बताया कि क्षेत्र में 38 ईट भट्टों को चिन्हित किया गया है। वहां पर भी डोर टू डोर अभियान में पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा।