लालानगर/गोपीगंज। गोपीगंज थानाक्षेत्र के महुआरी गांव में बुधवार की रात मुजरिम को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी के घरवालों ने हमला कर दिया। मारपीट में एक एसआई और दो महिला सिपाहियों समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सीएचसी गोपीगंज में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बुधवार रात जंगीगंज चौकी इंचार्ज इंद्रजीत के साथ एसआई धर्मेंद्र सिंह यादव, हैदर अली, नेहा सिंह और कृति सचान समेत कई पुलिसकर्मी गत 12 नवंबर को जमीन विवाद में हुई मारपीट के आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देने गए थे। पुलिस के मुताबिक बिरनई गांव निवासी आरोपी महुआरी में ही रहते हैं। आरोप है कि सूर्यबली बिंद, राजन बिंद समेत अन्य परिजनों ने महिला कांस्टेबलों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य पुलिसकर्मी विरोध करने गए तो उन पर भी टूट पड़े। मारपीट और पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराने के बाद आरोपियों सूर्यबली, सुशीला देवी, आशा देवी, शिवकुमारी, राजन, राजबली, मनोज कुमार और सुखनंदन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। गोपीगंज कोतवाल केके सिंह ने कहा कि पथराव करने वालों में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।