ज्ञानपुर/ऊंज (भदोही)। दूसरे चरण के लॉकडाउन का पालन कड़ाई से होगा। सड़कों पर आवागमन के समय हर व्यक्ति मास्क लगाकर ही निकले। बिना मास्क वालों पर कार्रवाई होगी। लॉकडाउन की ड्यूटी में तैनात पुलिस के जवान भी अपने तैनाती स्थल को छोड़ घर नहीं जाएंगे।
यह निर्देश बुधवार की शाम जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने ऊंज एसओ संग अन्य अधिकारियों को दी। वह और पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ऊंज सीमा का जायजा लेने पहुंचे थे। डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी को तभी हरा सकेंगे जब लॉकडाउन का बेहतर पालन करेंगे। हाईवे संग अन्य मार्गों पर बिना मास्क वालों को सख्त हिदायत दें, अगर न माने तो कार्रवाई की जाए। जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लॉकडाउन में लगी है वह घर न जाएं। बाहरी क्षेत्रों से आने वालों की हर स्तर पर जांच के बाद ही आगे जाने दे।
एसपी ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि पुलिस के जवान ड्यूटी कर घर चले जा रहे हैं। ड्यूटी पर रहने वाले जवान घर न जाएं। तहसील अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के गरीब परिवार, दिहाड़ी मजदूरों के लिए राहत सामग्री पहुंचाएं। इस मौके पर सदर एसडीएम कविता मीणा, एसओ ऊंज रामदरश आदि रहे।