भदोही। कोरोना कर्फ्यू को 17 मई की सुबह तक प्रभावी कर दिए जाने से दुकानदारों में मायूसी छा गई है। अब उन्हें यह स्पष्ट हो गया है कि ईद की खरीदारी के लिए प्रशासन और समय नही देगा बल्कि जो सुबह 7 बजे से 11 बजे तक जो छूट दी गई है उसी से काम चलाना होगा। अब लोग मायूस होकर इसी से काम चलाने के मूड मे है। उधर सोमवार को पुलिस विभिन्न मार्गों और बाजारों में घूम घूम कर सड़क पर दिखने वालों को खदेड़ती रही।
ईद का मौका हो तो लोग लोग अपने को कैसे रोक पाएं। नगर के स्टेशन रोड, चौरी रोड, ज्ञानपुर रोड, औराई रोड, मेन रोड पर उतनी दिक्कत नहीं है लेकिन कटरा बाजार से लेकर चांदनी मार्केट, अंबर नीम तक चोरी छिपे दुकानें खोलने, बैक डोर से सामान बेचने की प्रवृत्ति दूर नहीं हो रही है। उधर पुलिस का पूरा जोर कटरा बाजार को लेकर है। सुबह से लेकर शाम तक पुलिस सड़क पर दिख रहे लोगों को खदेड़ती रही। इस दौरान लोग भागते फिरते रहे। इस दौरान कइयों को पुलिस ने पकड़ कर फटकार लगाई और चेतावनी देकर छोड़ा भी।
उधर उपजिलाधिकारी योगेंद्र कुमार ने गाइडलाइन में कोई बदलाव नहीं है। जो गाइडलाइन पहले था उसी के अनुरूप दुकानें खुल सकेंगी। यह भी कहा कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो किराना की दुकानें या सब्जी की दुकानें खुल रही है उन्हें भी चेताया कि अपने दुकानों पर भीड़ नहीं जमा करेंगे।