सुरियावां। कोतवाली पुलिस ने रविवार को अटल चौराहा और महजूदा गांव में हुई चोरियों का खुलासा करने का दावा किया। पुलिस ने दो किशोरों को चोरी के आरोप में पकड़ा है। उनके पास से चोरी की मोबाइल, नकदी और परचून के सामान बरामद हुए हैं।
सुरियावां प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों को मेढ़ी मैदान मंदिर के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने साथी 20 वर्षीय आयुष पांडेय उर्फ छोटू के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने महजूदा गांव में किशन तिवारी के बंद घर से सरसों, चावल और गहने चुराए थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बीते 17 जुलाई को अटल चौराहा, सुरियावां में चोरी की। उनके पास से एक मोबाइल फोन और 3950 रुपये नकदी बरामद हुए। बरामद सामान में अट्ठारह और दस किलो की दो बोरी सरसों भी शामिल है। उन्होंने बताया कि दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।