ज्ञानपुर। जिले के सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित अन्य दफ्तरों में विभागाध्यक्षों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलाम किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने ध्वजारोहण किया और संविधान के संकल्प को पढ़कर सुनाया। उन्होंने बताया कि भारत संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न राष्ट्र है। राष्ट्र की एकता और अखंडता सर्वोपरि है। पुलिस लाइन में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया। उसके बाद सशस्त्र जवानों ने सलामी दी। पुलिस और प्रशासनिक क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
जिला चिकित्सालय में मरीजों और जिला कारागार में कैदियों को फल वितरण किया। इसके पूर्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में राष्ट्रीय पर्व समारोह समिति की ओर से ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, एडीएम न्यायिक अनिल सिंह, विकास नारायण सिंह, चेयरमैन हीरालाल मौर्य, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, आलोक रंजन, सभासद लक्खी देवी आदि रहीं। विकास भवन में सीडीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर डीआईओएस एनएल गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, सीएमओ कार्यालय पर सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक सहित अन्य कार्यालयों में विभागध्यक्षों ने ध्वजारोहण किया।
देश रंगीला... पर झूमे छात्र, किया मंत्रमुग्ध
ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने ध्वजारोहण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देश रंगीला-रंगीला, जलवा तेरा जलवा सहित अन्य देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों की वाहवाही लूटी। इस मौके पर डॉ.अशोक कुमार, डॉ. भारतेंदु द्विवेदी, कमाल अहमद सिद्दीकी, डॉ. किरन शर्मा, डॉ.घनश्याम मिश्र, डॉ.रश्मि सिंह, डॉ.कल्पना अवस्थी, डॉ.ऋचा यादव, डॉ.अंजू वर्मा, डॉ.विनय मिश्र आदि रहे।
राजनीतिक दलों ने दी तिरंगे को सलामी
ज्ञानपुर। राजनीतिक दलों ने भी बुधवार को 73वां गणतंत्र दिवस मनाया। भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र दूबे और बसपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष कड़े शंकर भारती ने ध्वजारोहण किया। सपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष बाल विद्या विकास यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामला सरोज ने झंडारोहण किया।