ज्ञानपुर। स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि शनिवार को जिले में विभिन्न संगठनों की ओर से मनाई गई। कहीं गोष्ठी आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई तो कहीं पौधरोपण किया गया।
स्वामी विवेकानंद हर्ट्स सोशल यूनिट की ओर से भिदिउरा गांव में 51 फलदार पौधे लगाए गए। इस मौके पर रत्नाकर पाठक, उत्कर्ष, महेंद्र, कृष्ण मुरारी, शिवांग, रुद्रेश, शिवनारायण पाठक, कृष्णानंद सिंह आदि रहे। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया की ओर से विभिन्न प्रजाति के 250 पौधे लगाए गए। इस मौके पर ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, टीएन पांडेय, इंद्रमणि मिश्रा आदि रहे।
ज्ञानपुर के राम का पुरा गांव में पौधरोपण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के जरिए ही देश को सुरक्षित रखा जा सकता है। सभी को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। इस मौके पर प्रेमनाथ पांडेय, मोहित आदि रहे। प्रयास फाउंडेशन की ओर से ऑनलाइन काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डाला गया। मुख्य वक्ता केशव प्रसाद राल्ही स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक त्रिपाठी ने कहा स्वामी विवेकानंद ने अपनी तेजस्वी वाणी से विश्व में भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का डंका बजाया। उन्होंने केवल वैज्ञानिक सोच और तर्क पर बल ही नहीं दिया, बल्कि धर्म को लोगों की सेवा और सामाजिक परिवर्तन से जोड़ दिया। शिवानंद चौबे ने गीतों के माध्यम से विवेकानंद के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। गोष्ठी में सागर, अभय, अजय दुबे, अमित, विनोद, रिशु, लवकुश पांडेय, अनिल, सत्यम, कुमार शिवम आदि रहे।