ज्ञानपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी- लेनिनवादी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर बृहस्पतिवार कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। बेरोजगारी, महंगाई समेत विभिन्न मांगो को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
संगठन में राज्य इकाई सदस्य अनिल पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों से वर्तमान में पूरे देश में निराशा और हताशा की भावना आ चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ जनता से वादा कर रहे हैं। बेरोजगार युवा नौकरी के लिए परेशान है। विकास दर दिन-ब-दिन घट रही है। महंगाई के कारण गरीब तबके के लोगों को दो जून की रोटी तक नसीब नहीं हो पा रही है। किसानों की आय दोगुना करने के बजाए छुट्टा मवेशियों से फसल नष्ट हो रही है। इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। एनआरसी को लागू कर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। जिला सचिव कामरेड बनारसी सोनकर ने कहा कि अफसरशाही से भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संगठन की जिला सचिव कबूतरा ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा लगाती है, लेकिन बेटियां सुरक्षित नहीं है। इस मौके पर धर्मराज, जगदीश, संतोष आदि रहे।