गोपीगंज। कोतवाली पुलिस ने बच्चों के आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोपी को गोपीगंज रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी फैयाज अली ज्ञानपुर रोड, गोपीगंज का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल फोन की जांच में बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो पाई गई।
प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला था कि इंस्टाग्राम व अन्य सोशल मीडिया साइट पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसी आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में गोपीगंज, ज्ञानपुर रोड निवासी फैयाज का नाम सामने आया था। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान फैयाज अली को गोपीगंज रेलवे स्टेशन के पास देखा गया। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रेन पकड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। उसके पास से बरामद मोबाइल फोन में आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं।
उन्होंने बताया कि यह सामग्री इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य फाइलों में मिली। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से बरामद एंड्रॉयड मोबाइल फोन महत्वपूर्ण साक्ष्य है। इस फोन में बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री मिली है।