ज्ञानपुर। भदोही नगर पालिका में शामिल 28 ग्राम पंचायतों के गरीबों को आशियाने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। एक साल पहले शहरी प्रधानमंत्री आवास के लिए भेजी गई डीपीआर को निरस्त कर दिया गया है। अब आवास के लिए नया आदेश जारी होने पर आवेदन लिया जाएगा।
जिले में दो नगर पालिका भदोही और गोपीगंज के अलावा पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, सुरियावां, नई बाजार, खमरिया, घोसिया हैं। सातो नगर निकायों में अब तक 27 हजार से अधिक लोगों को पीएम आवास योजना के तहत आवास निर्माण की मंजूरी मिल चुकी हैं।
इनमें 26 हजार से अधिक आवास बन गए हैं, जबकि छह सौ पात्रों के आवास निर्माणाधीन है। करीब तीन साल पूर्व भदोही नगर पालिका के आसपास की 28 ग्राम पंचायतों को सीमा विस्तार कर नगर में शामिल किया गया था।
शुरू के एक साल में इन इलाकों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ लेकिन धीरे-धीरे संपर्क मार्ग, पेयजल की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। पालिका में शामिल इन ग्राम पंचायतों में आवास के लिए छह हजार लोगों ने आवेदन किया।
विभागीय स्तर से सत्यापन कार्य पूर्ण करने के बाद 2023 में 4448 आवास का डीपीआर बनाकर शासन को भेजा गया था। करीब छह से सात महीने बाद उसे अस्वीकृत करते हुए वापस कर दिया गया। इससे आवास की उम्मीद लगाकर बैठे लोगों को झटका लगा है। विभाग का मानना है कि 2019 के बाद से ही नए आवास स्वीकृत नहीं हुए हैं।
सीमा विस्तार में शामिल ग्राम पंचायतों का डीपीआर भेजा गया, जो अस्वीकृत हो गया। म्युनिसिपल सिविल इंजीनियर हरिशंकर ने बताया कि शासन से डीपीआर निरस्त हो गया है। शासन से कोई दिशा-निर्देश अभी नहीं आया है।