ज्ञानपुर नगर में धूप से बचने के लिए इन युवतियों को छतरी का सहारा लेना पड़ा।
उमस भरी चिपचिपी गर्मी ने बेहाल कर दिया है। सोमवार को सूर्योदय के कुछ मिनटों बाद ही आसमान से शुरू हुई आग की बरसात से समूचा जिला दहकने लगा। 41 डिग्री तापमान के बीच लोग पूरे दिन भीषण गर्मी और उमस से बेचैन रहे। इस बीच कई घंटे तक लगातार बिजली की कटौती ने शरीर का पसीना नहीं सूखने दिया।
गर्मी का कहर जारी है। पिछले दो दिनों के दौरान जिले का पारा सोमवार को लगभग तीन डिग्री चढ़ गया है। जिले का अधिकतम 41 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। पूरे दिन चिलचिलाती धूप और पुरवाई के कारण उमस भरी गर्मी ने आम जनजीवन बेपटरी कर दिया। दिन भर घर में पसीना पोछने के बाद शाम छह बजे के आसपास सुकून की तलाश में खुले स्थानों की ओर निकल आए। लिहाजा पार्क और खेल के मैदान, स्टेशन के खुले इलाके देर शाम तक लोगों की भीड़ से गुलजार रहे।
हालांकि देर रात तक गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। नगर के लोगों ने वीएनजीआईसी मैदान, विभिन्न पार्क का ठिकाना पकड़ा, वहीं बाजार और ग्रामीण लोग गर्मी से सुकून पाने के लिए ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन, गंगा के किनारे आदि खुले स्थानों पर देर रात तक टहलते देखे गए। भीषण गर्मी से पशु-पक्षी भी व्याकुल हो उठे हैं। सड़कों पर भटकने वाले छुट्टा पशुओं का जहां पता नहीं है, वहीं जंगली जानवर भी भटककर पानी की तलाश में बस्तियों का रुख कर रहे हैं। कुत्ते, बंदर आदि जानवर भी गर्मी में सुकून पाने के लिए सरोवरों में डुबकी लगाते देखे जा रहे हैं।