ज्ञानपुर। लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। देश की एकता और अखंडता के लिए किए कार्यों को याद किया गया।
जिलाधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने कहा कि पटेल जी ने स्वतंत्रत रियासतों को एक करते हुए अखंड और एक भारत का निर्माण किया। उन्होंने देश के किसानों को एक किया। आजादी से पूर्व किसानों का सबसे बड़ा आंदोलन उन्हीं ने खड़ा किया। वल्लभ भाई पटेल के प्रयास से हैदराबाद को छोड़कर सभी रियासते अहिंसावादी तरीके से एक हो गई। वह देश के पहले प्रधानमंत्री के दावेदार थे लेकिन गांधी जी के कहने पर देश के प्रथम गृहमंत्री और उप प्रधानमंत्री बनें। इसके पूर्व डीएम ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। डीएम ने वहां उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता का शपथ दिलाया। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय ज्ञानपुर प्रथम और पूर्व माध्यमिक विद्यालय ज्ञानपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। स्कूल के बच्चों ने एकता और अखंडता के लिए रैली निकाली। बीआरसी से शुरू हुई रैली जिला जेल, केएनपीजी महाविद्यालय, शीतल पाल तिराहा, बालीपुर होते हुए बीआरसी पर आकर संपन्न हुई। अखिलेश कुमार, देवी प्रसाद सिंह, रंजना, दुर्गेश, सुनील कुमार, हरिओम श्रीवास्तव आदि रहे। भाजपा कार्यालय पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। हौसिला प्रसाद पाठक, घनश्याम मिश्र, नागेंद्र सिंह, छत्रपति सिंह, अशोक चौरसिया, सुरेश पासी, सतीश, बाबूराम बिंद, नंदलाल मौर्य समेत कई लोग मौजूद रहे।