डीघ के सेमराध में गंगा के किनारे पलवल व्यापारी की हत्या के बाद मौके पर पहुंचे एसपी रामबदन सिंह बा?
- फोटो : BHADOHI
जंगीगंज। कोइरौना थानाक्षेत्र के सेमराध (नगरदह) के गंगा तरी में बृहस्पतिवार की रात गाजीपुर के परवल व्यापारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। खबर मिलने पर डाग स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच संग एसपी मौके पर पहुंच गए। शक के आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थानाक्षेत्र के गौसपुर निवासी कन्हैया लाल (48) पुत्र चंद्रिका प्रसाद पिछले कई साल से गंगा तरी में किसानों से किराये पर जमीन लेकर परवल समेत अन्य सब्जियों की खेती करते थे। हर साल की तरह इस सीजन में भी उन्होंने खेती की थी। खेत के समीप ही मचान बनाकर उसकी रखवाली करते थे। पुरवां गांव के कुछ मजदूर भी उसके साथ वहां पर काम करते थे। रात में ही किसी ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। शुक्रवार की सुबह शौच को गए लोगों ने मचान पर उसे मृत देखा तो खलबली मच गई।
खबर मिलते ही वहां सैकड़ों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर एसपी रामबदन सिंह, सीओ ज्ञानपुर कालू सिंह संग भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पुरवां गांव के ही एक युवक को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर गाजीपुर से उसके परिवार वाले भी पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस कई बिंदुओं से जांच कर रही है। आशनाई से लेकर पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। क्राइम ब्रांच और कोइरौना पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई है।