अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास हादसे में जान गंवाने वालों के घर शनिवार को पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहुंच सकते हैं। परिजनों को उम्मीद है कि मंत्री के आने से उनको न्याय मिलेगा और परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता मिल जाएगी। फिलहाल अभी तक कोई आर्थिक सहायता न मिलने से परिवार के सदस्य परेशान है।
गर्मी के कारण घर के बाहर चारपाई पर सो रहे लोगों पर बृहस्पतिवार की भोर में वाराणसी से सोनभद्र नमक लादकर जा रहे ट्रक चढ़ गया था। टायर फटने से हादसा हुआ था। हादसे में राजाराम (47), उसकी मां सुखिया देवी (70), भाभी चांदतारा (45), की मौत हो गई थी। बहू की नातिन सुहानी (12) व पड़ोसी सुशील शर्मा (45) घायल हो गए। दोनों को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में इलाज चल रहा है। मृतक के भाई राधेश्याम ने बताया कि सुहानी ट्रामा सेंटर में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उसका पैर फ्रैक्चर है लेकिन अभी तक उसका ऑपरेशन नहीं हो पाया है।
इसी तरह पड़ोसी सुनील शर्मा का पैर फ्रैक्चर है। उसका भी इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। ऑपरेशन का इंतजार है। बृहस्पतिवार को घटना के बाद मुजडीह गांव के चंदन पांडेय ने 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता परिजनों को दी थी। तब जाकर घायलों का दवा इलाज हो सका था। चंदन पांडेय ने बताया कि एंबुलेंस में डीजल भी भरवाना पड़ा। संवाद