जौनपुर-मिर्जापुर रोड पर उगापुर के समीप बृहस्पतिवार को ट्रक को ओवरटेक करते समय ठेलिया में भिड़कर बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने औराई सीएचसी पहुंचाया, जहां एक अधेड़ को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
औराई थानाक्षेत्र के हाजीपुर निवासी बलराम यादव (52) घर पर ही बाहरी लेबर रखकर कालीन धुलाई का काम करते थे। बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे वह सोनभद्र जिले के घोरावल तहसील के भैसवार गांव निवासी लल्लन पाल (35) को बाइक पर बैठाकर औराई जा रहे थे। उगापुर स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक को ओवरटेक कर जैसे ही आगे बढ़े सड़क के किनारे खड़े ठेले में भिड़ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे औराई एसओ सत्येंद्र यादव ने एंबुलेंस से दोनों लोगों को औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉ. राहुल दुबे ने बलराम यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि लल्लन पाल को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में घर की महिलाएं और पुरुष अस्पताल पहुंच गए। घरवालों के करुण क्रंदन से अस्पताल परिसर में मौजूद लोग गमगीन हो गए। मृतक के चार लड़के और दो लड़कियां हैं।