ज्ञानपुर। भदोही नगर में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वक्फ की जमीन पर बना जर्जर मुसाफिरखाना ध्वस्त किया जाएगा। नगर पालिका की रिपोर्ट पर सुन्नी वक्फ बोर्ड लखनऊ ने जर्जर हो चुके भवन को ध्वस्त कर नए सिरे से निर्माण करने का निर्देश दिया है। बोर्ड के सहायक सचिव आले आतिक का निर्देश जिले के अल्पसंख्यक कार्यालय को पिछले माह मिल गया है। मुसाफिर खाना और उसके नीचे बने भवनों को ध्वस्त कर नए सिरे से निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
भदोही स्टेशन के सामने स्थित सुन्नी वक्फ बोर्ड की जमीन पर साढ़े तीन दशक पूर्व बेलाल मुसाफिर खाना निर्माण किया गया है। इसके संचालन के लिए सामने सड़क किनारे करीब 15 दूकानें बनाई गई हैं। दूकानदारों को कमरे एलाट किए गए हैं। वर्तमान में इन दूकानों का किराया साढ़े तीन दशक पुराना है। जबकि न किराए में बढ़ोतरी हो सकी और न ही कोई अन्य कार्य कराए गए। वक्फ की जमीन पर निर्मित दूकानों का किराया दूकानदार कोर्ट में जमा करते हैं। कम आय से मरम्मत आदि कार्य भी नहीं हो पाता। इससे दूकान समेत भवन जर्जर हो गए हैं। कुछ माह पूर्व वक्फ कमेटी के मुतवल्ली/सेक्रेटरी इमरान हबीब ने बेलाल मुसाफिर खाना के भवन परीक्षण के लिए नगर पालिका को लिखा था। नगर पालिका के अभियंताओं ने भवन जर्जर करार दिया था। उसी रिपोर्ट को उन्होंने वक्फ बोर्ड के पास भेज दिया। बोर्ड ने भवन को ध्वस्त कर उसे नए सिरे से निर्माण का निर्देश दिया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने बताया कि वक्फ बोर्ड का निर्देश मिला है, शीघ्र ही उस पर अमल कराया जाएगा।