ज्ञानपुर। साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को बाजार गुलजार हो गए, हालांकि इस दौरान दुकानों पर आई भीड़ के कारण कई स्थानों पर रुक-रुककर जाम लगता रहा। इससे रेंग-रेंगकर वाहन आगे बढ़े। कोरोना गाइडलाइन को लेकर भी लोग लापरवाह दिखे। अधिकतर दुकानों पर न तो सैनिटाइजर की व्यवस्था थी और न ही लोग मास्क लगाकर पहुंचे।
कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सरकार की ओर से 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी किया गया था। जिसके कारण महीने भर तक सुबह तीन घंटे ही दुकानें खोलने की अनुमति दी गई थी। संक्रमण की रफ्तार घटने के बाद कोरोना कर्फ्यू तो खत्म कर दिया गया, लेकिन रात्रिकालीन कर्फ्यू और साप्ताहिक बंदी चल रही है। शनिवार और रविवार बंदी के बाद सोमवार को सुबह सात बजे जिले के सभी बाजारों की दुकानें खुल गई। जिससे बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। खरीदारी के लिए उमड़ी ग्राहकों की भीड़ के कारण सुरियावां के पुरानी बाजार, ज्ञानपुर के पुरानी बाजार, गोपीगंज के सदर मोहाल, भदोही के कटरा बाजार समेत अन्य मुख्य बाजारों में जाम जैसी स्थिति बनी रही। दुकानों के बाहर वाहनों के खड़े होने से सड़कें संकरी हो गई, जिससे दुपहिया, चार पहिया सवार रुक-रुककर गंतव्य को रवाना हुए। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग सामाजिक दूरी का पालन करते नहीं दिखे। मेडिकल स्टोर, किराना की दुकान, सब्जी मंडी आदि स्थानों पर गाइडलाइन का उल्लंघन हुआ।