ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के जांच रिपोर्ट में मात्र एक संक्रमित मरीज मिला। वहीं एक संक्रमित मरीज के इलाज के दौरान मौत हो गई है। सात मरीजों को स्वस्थ होने से एक्टिव केस की संख्या मात्र 45 रह गई है।
जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या जहां सिमटती जा रही है वहीं मौत का सिलसिला अभी भी थम नहीं रहा है। एक संक्रमित मरीज मिलने से अब कुल संक्रमितों की संख्या 7374 हो गई है जबकि 7164 लोग ठीक हो चुके हैं। 45 लोग अभी भी कोरोना संक्रमण से लड़ रहे हैं। पिछले साल से अब तक 150 लोगों की जिंदगी कोरोना ने छीन ली है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया है कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाएं जा रहे हैं। एल-टू अस्पताल में इलाज के दौरान एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई। जबकि एक नया संक्रमित मिला है। संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन में समुचित इलाज दिया जा रहा है। धीरे-धीरे कोविड-19 खत्म हो रहा है। ऐसे में अभी भी लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें और टीकाकरण करवाएं। जिससे कोरोना संक्रमण को मात दिया जा सकता है।