ज्ञानपुर। अंतरराष्ट्रीय जेवलिन खिलाड़ी एवं एशियन गेम में पदक विजेता रोहित यादव ने कहा कि वह 2028 में होने वाले ओलंपिक की अभी से अपनी तैयारी कर रहे हैं। खिलाड़ियों को मेहनत से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। अगर वह मेहनत करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी।
इससे पहले जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से आयोजित समारोह में रोहित का अभिनंदन किया गया। यहां खिलाड़ियों की तरफ से 10 हजार दीप जलाए गए। शुक्रवार को काशी नरेश विश्वविद्यालय के खेल मैदान में रोहित ने खास बातचीत के दौरान रोहित ने बताया कि वह 2012 से मेहनत कर रहे हैं। परिवार से उनको काफी सहयोग मिला। इससे वह आगे बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को आगे बढ़ने में माता-पिता और परिवार की भूमिका अहम होती है। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वह मेहनत करें। आगामी टूर्नामेंट में बेहतर करने की उम्मीद जताई। कहा कि जापान में मौसम खराब होने से दिक्कत हुई, अन्यथा पदक का रंग दूसरा होता। अब उनकी नजर जापान में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप पर है।
रोहित ने कहा कि अगला लक्ष्य पदक का रंग बदलना है। कहा कि बार-बार मेहनत करने के बावजूद जब पोडियम तक पहुंचने का मौका नहीं मिला तब भी उन्होंने अभ्यास और अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा। अंतत: एशियन गेम्स के बड़े मंच पर उनका इंतजार खत्म हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय पदक विजेता हर्ष मिश्रा, मास्टर एथलीट सुरेंद्र मौर्य, चंचल मौर्य, कबड्डी खिलाड़ी खुशी यादव का स्वागत किया गया।
इस दौरान श्यामधर मिश्रा, कोच मोहम्मद रुस्तम खान, शाहिद खान, मनीष पांडेय, कैलाश नाथ पाल, गोपाल उपाध्याय, सभाजीत यादव, श्याम बिहारी मौर्य, अतुल कुमार, जीत नारायण यादव, राकेश पाल, प्रभात यादव, श्रीनिवास उपाध्याय, अनिल उपाध्याय, अंकित यादव, विजय तिवारी, राजमन यादव आदि मौजूद रहे।