शाम के समय मौसम में छाया धुंध। संवाद
पिछले दो दिनों से जिले में दिन और रात के तापमान में स्थिरता बनी हुई है, इसके बावजूद हवाओं में नमी होने के कारण सिहरन का अहसास होने लगा है। बृहस्पतिवार को जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन दिनों दिन और रात के तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस का अंतर बना हुआ है। यह मौसम गेहूं, सरसों की बोआई के लिए उत्तम है।
मौसम में उतार-चढ़ाव होने से लोगों की परेशानी बढ़ी है। यह मौसम सेहत के लिहाज से नुकसान देह है। ऐसे मौसम में बच्चे तुरंत बीमार पड़ रहे हैं। दिन में धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम को हवाएं चलने से ठंड की स्थिति बनी हुई है। लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर होना पड़ा है। सुबह हल्का कोहरा पड़ रहा है, जबकि सुबह नौ बजे के बाद अच्छी धूप होती है।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में पुरवा हवा में नमी बढ़ने से यह स्थिति बनी है। आने वाले कुछ दिनों में तापमान में कमी आने की उम्मीद है। अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ने से लगी है। बेजवां के कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि मौसम साफ होने पर किसान धान की मंड़ाई, कटाई में तेजी से जुटे हैं। यह मौसम गेहूं और सरसों की बोआई के लिए अनुकूल है। तापमान स्थिर रहने से फसलों को फायदा होगा।