दो स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। संतनगर थाना क्षेत्र के पटेहरा पाल बस्ती और रामपुर मोड़ पर आपस में टकराकर बाइक सवार महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना में घायल 70 वर्षीय छकौड़ी की मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
लालगंज थानांतर्गत कोटा गुरुदत्त निवासी शिवम (35) अपनी बाइक पर पीछे छकौड़ी (70) व अनुज शर्मा (15) को बैठाकर जमुई गांव जा रहे थे। सोनभद्र जनपद के कर्मा थानांतर्गत उचकादई निवासी रसमेंद्र त्रिपाठी (30) अपनी बाइक पर छोटू (20) को बैठाकर दुबार की ओर जा रहे थे।
रास्ते में पटेहरा पाल बस्ती के पास दोनों बाइक की आपस में टक्कर हो गई। घटना में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना में घायल छकौड़ी (70) की इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल छकौड़ी की मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
दूसरी घटना दीपनगर से सिरसी मार्ग पर रामपुर मोड़ पर हुई। सोनभद्र के कर्मा निवासी धीरज (22) गड़बड़ा धाम जा रहे थे। रामपुर मोड़ पर बनकी सहरसा से आ रहे सलामत अली (50) अपनी बाइक पर पीछे खैरनिशा (52) को बैठाकर दीपनगर जा रहे थे। सड़क पर फैले बालू को बचाने में दोनों बाइक आपस में टकरा गई।
घटना की जानकारी होने पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य मनीष सिंह ने अपने निजी वाहन से सभी घायलों को पीएचसी पटेहरा पहुंचाया। जहां डॉ. राजकुमार ने सभी का प्राथमिक उपचार कर महिला खैरनिशा और छोटू को छोड़ अन्य सभी को बेहतर इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद
00000000000