औराई। औराई कोतवाली के उगापुर हवाईपट्टी पर आर्टिगा कार की टक्कर से घायल सात लोगों में एक की बुधवार को मौत हो गई। वहीं अन्य के हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं वाहन को कब्जे में ले लिया है। उगापुर हवाई पट्टी पर मंगलवार देर शाम लापरवाह अर्टिगा कार चालक ने हवाई पट्टी पर बैठे लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। जिसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक दिन बाद इलाज के दौरान बिहारी बिंद (50) की बुधवार की दोपहर मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों पार्वती बिंद (60), राजेंद्र (38), सोनी देवी (60), सचिन (6), शीला देवी (50), इसरावती (55) के हालत में सुधार न होने पर उन्हें बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के उगापुर हवाई पट्टी पर बगल के गांव हीरापुर निवासी एक दर्जन की संख्या में लोग हवाई पट्टी पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। शुकुलपुर की ओर से हवाई पट्टी पर एक चार पहिया वाहन पहुंची और सात लोगों को चपेट में ले ली। सभी घायलों को सीएचसी औराई से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जहां उनका उपचार चल रहा था। घटना के बाद चालक अपना वाहन लेकर भागने में सफल रहा।
आर्टिगा कार का नंबर प्लेट माैके पर ही टूट कर गिर गया था
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान वाहन का नंबर प्लेट मौके पर ही टूटकर गिर गया था। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर बुधवार की सुबह महाराजगंज के चार पहिया वाहन और चालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि चालक हरिनारायण पुर निवासी चालक राहुल गिरी को महराजगंज के पास से वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।