भदोही में पंचायत चुनाव की ड्यूटी करते समय बुधवार की रात औराई के जाठी न्याय पंचायत के सहायक निर्वाचन अधिकारी की मौत हो गई। जबकि दो मतदान कर्मियों की तबीयत अचानक खराब हो गई। खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। इसके बाद तीन आरक्षित सहायक निर्वाचन अधिकारियों को ड्यूटी पर भेजा गया।
कोरोना संक्रमण काल में पंचायत चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की मुश्किलें ज्यादा बढ़ गई हैं। चुनाव सकुशल कराने के लिए छह आरओ और 80 एआरओ की ड्यूटी लगाई गई है जबकि 15 से अधिक आरक्षित हैं। इसके अलावा जाठी न्याय पंचायत के एआरओ अपर सांख्यिकी अधिकारी शिव कुमार (53) बुधवार की सुबह से शाम तक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इंटर कॉलेज औराई से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। उसके बाद वह अपने ज्ञानपुर स्थित आवास पर आए तो उनकी तबीयत खराब हो गई।
फोन से उन्होंने इसकी सूचना गृह जनपद जौनपुर परिवार वालों को दिया। परिवार वाले उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार वालों के अनुसार शिवकुमार को सांस लेने में कठिनाई थी। आशंका जताई जा रही है कि वह कोरोना संक्रमित थे, लेकिन जांच न होने से यह स्पष्ट नहीं हो सका। इसी तरह अमवामाफी के एआरओ अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग उमेश कुमार सिंह और रामापुर के एआरओ वरिष्ठ सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति की अचानक तबीयत खराब हो गई।