कोटेदार के खिलाफ एजिटेशन करते ग्रामीण
डीघ विकास खंड के बड़ागांव निवासी ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर गांव के कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ जांच करा कर कार्रवाई करने की मांग की। जिससे गांव के गरीबों को अनाज और अपने हक के लिए भटकना न पड़े। डीएम को उन्होंने प्रार्थना पत्र भी दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार गरीबों को अनाज, चीनी और तेल आदि नहीं देते हैं। मांगने पर अनाप-शनाप भी बकते हैं,जबकि हम सभी का पात्र गृहस्थी की सूची में नाम शामिल है। इसके बाद भी राशन न देकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। कोटेदार का आचरण और व्यवहार सही न होने और मनबढ़ई करने से गांव के गरीब लोग परेशान रहते हैं। अपने को सत्ता के जुड़े लोगों का करीबी बताकर गरीबों से गाली-गलौच भी करने से पीछे नहीं रहते हैं। गरीब जनता के हक को कोटेदार हजम कर जा रहा है। ग्रामीणों ने गांव की कोटे की दूकान निरस्त करके किसी अन्य ईमानदार व्यक्ति को नियुक्त करने की मांग की है। आरोप लगाया कि मानवाधिकार संगठन का पदाधिकारी होने का रौब दिखाकर ग्रामीणों को भयभीत करते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कोटेदार की जांच करके कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। इस मौके पर रमेश यादव, मुंशी,बुद्धिराम,मुनीम,रविंद्र, सुशील, प्रमि ला, बालकृष्ण, बच्चूलाल, गुड्डी, कल्लू, राहुल, अनीता, जैतून, प्रेमा देवी आदि लोग मौजूद रहे।