गोपीगंज क्षेत्र के रामपुर कायस्थान गांव में वृद्ध की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कायस्थान गांव में रविवार की देर रात वृद्ध रामा बिंद (60) की अबूझ हाल में मौत हो गई। उसका शव घर के पीछे एक टीन शेड में फंदे पर लटका मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गले में रस्सी से बंधे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक देर रात रामा नशे की हालत में बाहर से आया और सोने के लिए मकान के पीछे बने कमरे में चला गया। परिवार के अन्य लोग भी सोने चले गए। कुछ देर बाद उसकी पत्नी कमरे में गई तो वृद्ध के गले में बंधी रस्सी के साथ मृत हालत में वह नीचे गिरा पड़ा मिला। यह देख कर वह शोरगुल मचाकर रोने लगी। तब तक अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए और वृद्ध को अस्पताल ले जाने की तैयारी होने लगी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक रामा आठ बच्चों का पिता है। छह बच्चों की शादी हो चुकी है और दो पुत्रियां अविवाहित हैं। घर वालों का कहना है कि न किसी से रंजिश न परिवार का विवाद। बावजूद इसके रामा की मौत का कारण किसी को समझ में नहीं आ रहा है। गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।