ज्ञानपुर। गृह मंत्रालय के निर्देश पर राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को लेकर अफसरों को नामित करने की कवायद शुरू हो गई है। डीएम की ओर से नामित नोडल अधिकारी एडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने नगरीय क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी और ग्रामीण में तीनों तहसीलदार को पर्यवेक्षक और प्रगणक के चयन की जिम्मेदारी सौंप दी है।
विकास कार्यों का आंकलन करने के लिए सरकार की ओर से हर 10 साल पर जनगणना कराई जाती है। 2021 में शुरू होने वाली जनगणना के बजाए अब एनपीआर बनाया जाएगा। जिसकी शुरूआत जिले में 16 मई से शुरू हो जाएगी। शासन के निर्देश पर जिले में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर बनाने की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। प्रगणक और पर्यवेक्षक का चयन करने के लिए एडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने औराई, ज्ञानपुर और भदोही के तहसीलदार जबकि नगरीय इलाकों में गोपीगंज, ज्ञानपुर, सुरियावां, घोसिया, नई बाजार, खमरिया और भदोही के अधिशासी अधिकारी को नामित किया है। उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि प्रथम चरण में 16 मई से रजिस्टर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डाक के माध्यम से प्रशिक्षण में प्रयोग होने वाले सामानों को भेजा जाएगा।