ज्ञानपुर। लॉकडाउन के कारण लक्ष्य से पिछड़ चुकी गेहूं की खरीद के लिए अब शासन ने सचल खरीद व्यवस्था प्रभावी कर दिया है। किसानों के एक फोन पर मोबाइल टीम घर जाकर किसानों से गेहूं की तौल कराएगी। इसके लिए एजेंसियों के अधिकारियों और कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं।
जिले में 32 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य के सापेक्ष अब तक मात्र आठ हजार 467 मीट्रिक टन गेहूं ही खरीदा जा सका है, जबकि खरीद का समय भी खत्म होने वाला है। लॉकडाउन और कोरोना वायरस के कारण किसान गेेहूं क्रय केंद्रों पर नहीं पहुंच सके। ऐसे में शासन ने घर-घर जाकर किसानों से गेहूं खरीदने का निर्णय लिया। इसके लिए मोबाइल क्रय केंद्र बनाए गए हैं। सूचना मिलते ही एजेंसियां किसानों के घर पहुंचकर गेहूं की तौल सरकारी रेट पर करेंगी। इस व्यवस्था से किसानों को खरीद केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दिए गए नंबरों पर गेहूं की तौल कराने की सूचना किसानों को देनी होगी। सूचना मिलने के बाद क्रय केंद्र की टीम किसानों के घर पहुंचकर गेहूं की तौल कराएगी।
तौल कराने के लिए यहां करें फोन
अधिकारी का नाम मोबाइल नंबर
जिला खाद्य विपणन अधिकारी 9415077246
जिला प्रबंधक पीसीएफ 9648947971
सहायक निबंधक सहकारिता 9264920316
खरीद एजेंसी नेफेड 9580420194
एनसीसीएफ 8104450627
एफसीआई 8765506048
खरीद के लिए कंट्रोल रूम बना
ज्ञानपुर। मोबाइल गेहूं खरीद केंद्र संचालित करने के साथ ही विभाग ने कंट्रोल रूम की स्थापना भी कर दी है। इसकी जिम्मेदारी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रंजन सिंह को दी गई है। उनका मोबाइल नंबर 9415293311 है। कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद संबंधित एजेंसी को खरीद के लिए किसान के घर भेजा जाएगा।
गेहूं खरीद के लक्ष्य को पूरा कराने के लिए शासन ने मोबाइल गेहूं क्रय केंद्रों की स्थापना की है। जानकारी होते ही टीम किसानों के घर पहुंचकर तौल कराएगी। इस व्यवस्था में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना होगा।- श्याम कुमार मिश्र, डिप्टी आरएमओ