ज्ञानपुर। डीएम विशाल सिंह और एसपी अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल, मुख्यमंत्री संदर्भ समेत अन्य प्रकरणों की समीक्षा की गई।
इसमें तहसीलदार भदोही के सबसे अधिक लंबित प्रकरण 234 और 17 असंतुष्ट फीडबैक होने पर फटकार लगाते हुए नोटिस जारी किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को भी नोटिस दिया गया।
सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण समय से करें। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री फरियादियों/शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के प्रति बेहद गंभीर है।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करके रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। शिकायतों के डिफाल्टर होने व निस्तारित शिकायतों की खराब गुणवत्ता पाए जाने पर कुछ विभागीय अधिकारियों को इसमें सुधार लाने की चेतावनी दी। संवाद