ज्ञानपुर। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन अलर्ट है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की टीम ने तीनों तहसीलों में 39 खाद की दुकानों की जांच किया। टीम ने उर्वरक के 10 सैंपल जांच के लिए भेजा। रजिस्टर अपूर्ण और रखरखाव सही न होने पर छह दुकानों को नोटिस जारी किया गया।
बारिश शुरू होने के साथ ही किसान धान की रोपाई में जुट जाएंगे। जिससे आगामी दिनों में यूरिया की मांग बढ़नी शुरू हो जाएगी। किसानों को कीटनाशी और उर्वरक सही मिले इसलिए प्रशासन अलर्ट है। बृहस्पतिवार को ज्ञानपुर तहसील में उप निदेशक कृषि डॉ. राम प्रवेश, भदोही में जिला कृषि अधिकारी ईरम और औराई में भूमि संरक्षण अधिकारी हरिओम मिश्रा ने 39 दुकानों की जांच किया। वितरण रजिस्टर और स्टॉक रजिस्टर सही न होने और फार्मर रजिस्ट्री के बिना यूरिया बिक्री पर नाराजगी जताई गई। कमी मिलने पर किसान खाद भंडार रजपुरा, मौर्य खाद भंडार चौरी, गोविंद खाद एवं बीज केंद्र इंदिरा मिल, पवन खाद एवं बीज भंडार देवनाथपुर, मौर्य बीज भंडार जंगीगंज, किसान फर्टिलाइजर एजेंसी जंगीगंज को नोटिस जारी किया।
सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि पास मशीन से आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराए। किसी भी विक्रेता की ओर से ओवर रेटिंग टैगिंग या भंडारण करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप निदेशक कृषि डॉ. राम प्रवेश ने बताया कि खाद का स्टॉक मौजूद है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वह नैनो डीएपी, यूरिया का प्रयोग करें। इससे फसल का उत्पादन बढ़ता है और लागत भी कम आती है। अगर कोई भी विक्रेता किसी भी किसान भाई को गलत तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराता है तो इसकी शिकायत करें।