बाहुबली विधायक विजय मिश्र की पत्नी मीरजापुर-सोनभद्र की एमएलसी रामलली मिश्रा के खिलाफ मंगलवार को सीजेएम कोर्ट से एनबीडब्ल्यू जारी हुआ। पुलिस ने वारंट लेकर तलाश तेज कर दी है। रिश्तेदार के साथ संपत्ति विवाद में फंसे विधायक परिवार पर कानून का चहुंतरफा दबाव बढ़ने लगा है।
गत दिनों मध्य प्रदेश से विधायक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी एमएलसी रामलली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश दी, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने भदोही के अलावा प्रयागराज में भी उनकी तलाश में टोह ली थी।
मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। जबकि विधायक विजय मिश्र को पहले ही न्यायिक हिरासत में चित्रकूट जेल में भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने कहा कि एमएलसी के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी हुआ है।
गौरतलब है कि मामले में एक अन्य आरोपी विधायक पुत्र विष्णु मिश्रा की अग्रिम जमानत याचिका भी मंगलवार को जिला जज की अदालत से खारिज हो गई। इससे विधायक के परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।