जिलाधिकारी शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। डीएम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी को खुले नाले को ढकने का निर्देश दिया। कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम ने अपील की कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।