ज्ञानपुर (भदोही)। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर वसूली की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा राजस्व वसूली में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि 20 बड़े बकाएदारों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ आरसी जारी कराएं।
राजस्व न जमा करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर वाणिज्यकर, परिवहन, विद्युत, आबकारी, सिंचाई, बाटमाप, खनिज विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई और इसमे सुधार का निर्देश दिया। तीनों एसडीएम और तहसीलदार को न्यायिक कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने लंबित वाद को तेजी से निपटाने को कहा। समीक्षा बैठक में एडीएम शैलेंद्र मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके पूर्व जिलाधिकारी ने सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन में जनता की फरियाद सुनी। करीब दो घंटे में विभिन्न विभागों से जुड़े 60 से अधिक प्रार्थना पत्र आए जिसे संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया।