ज्ञानपुर (भदोही)। राज्य-प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस प्रारंभिक) परीक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई। रविवार को सुबह 11:30 बजे पहली पाली में जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या एक में परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थी शशिकांत टंडन मुख्य ओएमआर शीट लेकर चला गया और उसकी जगह कॉर्बन कॉपी जमा कर दी। इससे कक्ष निरीक्षकों में हड़कंप मच गया। इसके बाद अभ्यर्थी की खोजबीन शुरू हो गई। हालांकि, करीब एक घंटे बाद अभ्यर्थी वापस आया और ओएमआर शीट जमा की। इस संबंध में जिलाधिकारी विशाल सिंह का कहना है कि अभ्यर्थी मूल ओएमआर शीट लेकर चला गया था, जो कुछ समय बाद वापस आया तो जांच करके मूल प्रति लेकर उसे कार्बन कॉपी देकर भेज दिया गया।
-
नौ केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में हुई परीक्षा, एआई जांच से गुजरे अभ्यर्थी
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर रविवार को सुबह सात बजे से काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, काशीराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज औराई सहित अन्य केंद्रों पर अभ्यर्थी पहुंचने लगे। सुबह आठ बजे से कॉलेज के मुख्य गेट पर कर्मचारियों ने एआई जांच के बाद अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों को पर्स, बेल्ट समेत अन्य जरूरी सामान को केंद्र के बाहर ही रखना पड़ा। पहली पाली में सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई परीक्षा 11:30 बजे तक चली। इस दौरान पंजीकृत 4032 अभ्यर्थियों में 1789 उपस्थित हुए और 2243 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 1773 उपस्थित हुए, जबकि 2259 अनुपस्थित रहे। पहली पाली से 16 अभ्यर्थी दूसरी पाली में कम आए। डीआईजी आरपी सिंह, डीएम विशाल सिंह, एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।
कठिन सवालों ने उलझाया, 20-25 प्रश्न छूटे
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि बीते कई सालों में पहली बार इतने कठिन प्रश्न पत्र आए। कठिन प्रश्नों के कारण अभ्यर्थियों को समय कम पड़ गया। परीक्षा देकर बाहर निकल रहे अधिकतम अभ्यर्थियों ने बताया कि दोनों प्रश्नपत्रों में 20 से 25 प्रश्न छूट गए। दो पालियों में चली परीक्षा में आधे से अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।